पाली शहर के कई हिस्सों में इन दिनों सीवरेज व्यवस्था पूरी तरह चरमराई हुई नजर आ रही है। जगह-जगह सड़कों पर गंदा पानी बहने से आमजन को भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। हालात ऐसे हो गए हैं कि लोगों का घरों से निकलना तक मुश्किल हो गया है, वहीं गंदगी के कारण मच्छरों का प्रकोप भी तेजी से बढ़ रहा है, जिससे बीमारियां फैलने की आशंका गहरा गई है।
शहर के महाराणा प्रताप सर्किल के पास स्थित मालियों का जाव क्षेत्र के निवासियों ने प्रशासन के प्रति नाराजगी जताते हुए जल्द समाधान की मांग की है।
स्थानीय निवासी ममता ने बताया कि सड़कों पर सीवरेज का गंदा पानी भरा हुआ है, जिससे लगातार बदबू आती रहती है। इस कारण लोगों को आने-जाने में काफी दिक्कत हो रही है। उन्होंने आशंका जताई कि इस गंदगी के बीच बच्चों के साथ हादसे की संभावना भी बनी रहती है।
वहीं, मोहल्ले के दिनेश का कहना है कि यह समस्या लंबे समय से बनी हुई है।
उन्होंने बताया कि कई बार ऑनलाइन शिकायत दर्ज करवाने के बावजूद अब तक कोई ठोस कार्रवाई नहीं हुई है। गंदे पानी के कारण मच्छर पनप रहे हैं और लोग बीमार पड़ रहे हैं।
इसी तरह संजू देवी ने बताया कि इलाके में पानी की पाइपलाइन भी लीकेज है। ऐसे में सीवरेज का गंदा पानी पाइप के जरिए घरों तक पहुंच रहा है, जिससे लोग बीमार हो रहे हैं। उन्होंने प्रशासन से जल्द कार्रवाई करने की मांग की है।
स्थानीय लोगों का कहना है कि यदि समय रहते समस्या का समाधान नहीं किया गया, तो हालात और गंभीर हो सकते हैं। उन्होंने संबंधित विभाग से तत्काल सीवरेज लाइन की मरम्मत, जल निकासी की व्यवस्था सुधारने और पाइपलाइन लीकेज को ठीक करने की मांग की है।


